देश प्रगति की राह पर, इसे और गति देने के लिए हमारा फिर जीतना जरूरी
लोकसभा चुनाव संबंधी प्रदेश स्तरीय बैठक में वक्ताओं ने बताया चुनाव का महत्व
संजय शर्मा
हैल्लो -धार पत्रिका
भोपाल- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर मोर्चे पर तरक्की की है। हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं और दुनिया में मां भारती का गौरव बढ़ा है। हमारा भारत एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में दुनिया में पहचान बना रहा है। तरक्की की यह रफ्तार और दिशा बनी रहे, विकास की निरंतरता जारी रहे, इसके लिए जरूरी है कि हम आगामी लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनायें। यह बात बुधवार को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री रामलाल जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह, नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने लोकसभा चुनाव को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में कही। वक्ताओं ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव दो दलों या महागठबंधन के बीच होने वाला चुनाव न होकर देश के भविष्य का फैसला करने वाला चुनाव है। इस महायुद्ध में जीत के लिए हमें अपनी सर्वश्रेष्ठ आहुति देनी होगी। हमें अपनी सरकारों के अच्छे कामों को जनता तक ले जाना होगा। उसे अपने नेताओं और अन्य दलों के नेताओं के बीच का फर्क समझाना होगा। एकजुटता हमारी पहचान है और हमें एकजुट होकर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए चुनाव मैदान में उतरना है। इस बैठक में लोकसभा चुनाव संचालन समिति के सदस्य एवं पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा प्रमुख, संभाग संगठन मंत्री, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, विस्तारक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा कार्यक्रम प्रमुख उपस्थित थे।
केंद्र सरकार के अच्छे कामों को जनता तक पहुंचाएं : रामलाल जी
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल जी ने कहा कि हमारी केंद्र सरकार ने आम जन के हित में कई निर्णय लिए हैं। सामान्य वर्ग के लोगों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण हो, रामजन्मभूमि विवाद में हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से अविवादित भूमि दिए जाने का आग्रह करना हो, ऐसे ही निर्णय हैं। हमें सरकार के इन कामों को निचले स्तर तक ले जाना है। श्री रामलाल जी ने कहा कि इतिहास गवाह है, कांग्रेस हमेशा झूठ का सहारा लेती रही है। कांग्रेस झूठी है, उसके नेता झूठे हैं, उसकी घोषणाओं, योजनाओं पर भी भरोसा नहीं किया जा सकता। कांग्रेस का यह यथार्थ आम लोगों को बताएं और समझाएं। उन्होंने कहा कि आज देश के 16 राज्यों में हमारी सरकारें हैं। हमारी पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। हमारी सरकारों की योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं। इसलिए पूरे आत्मविश्वास से चुनाव मैदान में जाएं। श्री रामलालजी ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, हमारे नेताओं ने अन्य दलों के नेताओं से कई गुना अच्छा काम किया है। इसलिए अपनी पार्टी और अपने नेताओं की प्रशंसा में कोई संकोच न करें।
बड़े युद्ध की तैयारियों में जुटें : राकेश सिंह
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने कहा कि हमने विधानसभा का एक युद्ध लड़ा, जिसके परिणाम भले ही हमारे पक्ष में न हो लेकिन हमारा वोट बैंक बढ़ा है। हमें विधानसभा के बाद लोकसभा चुनाव के बड़े युद्ध की तैयारी में जुटना है। उन्होंने कहा कि बीते 15 वर्षों तक प्रदेश में श्री शिवराजसिंह चौहान जी के नेतृत्व में देश की एक अनुकरणीय सरकार ने काम किया। पिछले डेढ़- दो महीने में प्रदेश की नई सरकार ने जो कार्यशैली अपनाई है, वह द्वेषपूर्ण और जनविरोधी है। इस दृष्टि से लोकसभा का यह युद्ध कई ज्यादा मायने रखता है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय चारों ओर से भ्रष्टाचार की आवाजें आती थीं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बीते साढ़े चार वर्षों में 6 करोड़ लोगों को उज्जवला योजना, 3 करोड़ को आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 22 करोड़ से ज्यादा लोगों को योजनाओं का लाभ दिया है। उन्होंने कहा कि पूरी मजबूती के साथ हम मैदान में जुटें और पार्टी के कार्यक्रम को सक्रियता से आयोजित करें। हमारी सक्रियता से देश में सरकार बनेगी वहीं प्रदेश में हम 29 में से 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
भाजपा सरकार जाने का दुख है जनता कोः शिवराजसिंह चौहान
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 2003 में जब दिग्विजयसिंह की सरकार गई थी तब लोगों में प्रसन्नता का माहौल था, जनता खुशियां मनाती थी। लेकिन आज हमारी सरकार जाने से जनता में तकलीफ दिखाई देती है। पिछले सवा महीने में मैं प्रदेश में जहां से भी गुजरा वहां जनता के बीच अजीब सा वातावरण है। पुरानी सरकार जाने की टीस और तकलीफ देखने को मिली। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन-पत्र में सभी किसानों का 2 लाख रू. तक का ऋण माफ करने की बात कही थी और आज अलग-अलग श्रेणियां बना दीं। अलग-अलग रंगों के फार्म भरवाकर यह सरकार रंग बदल रही है। उन्होंने कहा कि 22 फरवरी तक 80 लाख किसानों के खातों में सरकार पैसा डालकर उनका कर्ज माफ करे, वरना कर्जमाफी पर हम सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में किसान ओला-पाला से पीड़ित है लेकिन इनकी सुध लेने मुख्यमंत्री और कोई भी मंत्री इनके खेतों में नहीं पहुंचे। मुख्यमंत्री दिल्ली, दावोस और छिंदवाड़ा तक सीमित होकर रह गए है। उन्होंने बीते दिनों वंदे-मातरम्, भावांतर योजना जैसे अनेक विषयों पर सरकार के यूटर्न लिए जाने की बात करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में गुंडों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि खुजनेर में राष्ट्रीय पर्व पर हुए विवाद में बेटियों को पीटा गया। बच्चों को बचाने वालो पर ही मुकदमें दर्ज किए गए। श्री चौहान ने कहा कि विधानसभा की हार, लोकसभा की जीत के रूप में पूरी होगी। हम 29 की 29 सीटों पर पार्टी को विजयश्री दिलाने के लिए संकल्प लेकर जुटें।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन, कैलाश विजयवर्गीय, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी व उत्तर प्रदेश के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, सह प्रभारी पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान मंचासीन थे। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने किया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
No comments:
Post a Comment