HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Saturday 6 October 2018

विजय नहीं, ऐसी प्रचंड विजय चाहिए कि विरोधियों के दिल दहल जाएं: अमित शाह

विजय नहीं, ऐसी प्रचंड विजय चाहिए कि विरोधियों के दिल दहल जाएं: अमित शाह

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिलाया विजय का संकल्प
हैलो धार
       इंदौर- मेरे प्यारे कार्यकर्ताओ, आप सिर्फ विजय से संतुष्ट मत होना। हमें प्रचंड विजय चाहिए। ऐसी प्रचंड विजय, जो विरोधियों के दिल दहला दे। यह बात शनिवार को इंदौर में महाजनसंपर्क अभियान के जरिए मध्यप्रदेश में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। श्री शाह इंदौर के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनावों में विजय का संकल्प भी दिलाया। सम्मेलन को मुख्यमंत्री श्री शिवजराजसिंह चैहान एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने भी संबोधित किया।
ये मेरा, आपका, पार्टी कार्यकर्ताओं का चुनाव है
      पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि दूसरी पार्टियां नेताओं के भरोसे चुनाव मैदान में जाती हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के आधार पर चुनाव लड़ती है। भारतीय जनता पार्टी संगठन के आधार पर चुनाव जीतने वाली पार्टी है और इस जीत का आधार होता है, बूथ और शक्ति केंद्र पर तैनात कार्यकर्ता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर कार्यकर्ता यह समझे कि आने वाला चुनाव किसी और का नहीं, बल्कि मेरा, आपका, पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का चुनाव है। श्री शाह ने कहा कि जब हर कार्यकर्ता यह सोचकर चुनाव के मैदान में उतरता है कि यह मेरा चुनाव है, तो फिर ऐसे कार्यकर्ताओं को हराना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आप लोगों को कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया ने संगठन का जो पाठ पढ़ाया है, उसे याद करके चुनाव मैदान में उतरिये। जिस तरह अर्जुन गीता के ज्ञान को लेकर युद्ध में उतरा था, उसी तरह आपको पार्टी की ओर से जो 23 बिंदु भेजे गए हैं, उन बिंदुओं को ध्यान में रखकर मैदान में उतरिए, वही हमारी गीता है।
एक तरफ राजा-महाराजा, उद्योगपति, दूसरी तरफ किसान का बेटा
      राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण बात यह है कि ये चुनाव किन मुद्दों को लेकर लड़ा जा रहा है। हम विकास की बात करेंगे, वो जात-पांत की बात करेंगे। एक तरफ विपक्षी दल के राजा-महाराजा और उद्योगपति हैं और दूसरी तरफ किसान का बेटा शिवराजसिंह चैहान। ऐसे में आपको जनता को यह बताना पड़ेगा कि 15 साल पहले प्रदेश कैसा था और आज कैसा हो गया है। जनता को बताएं कि 15 साल पहले सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे थे, गाड़ी 15 कि.मी. से ज्यादा की रफ्तार से चल नहीं पाती थी, लेकिन अब शानदार सड़कें हैं। कांग्रेस के जमाने में 7.5 लाख हैक्टेयर में सिंचाई होती थी, अब 40 लाख हैक्टेयर में होती है। कांग्रेस के राज में 45000 कि.मी. सड़कें ही बनी थीं, अब 95000 कि.मी. सड़कें बन चुकी हैं। कांग्रेस के जमाने में कृषि विकास दर माइनस में रहती थी, जो अब 18 प्रतिशत तक पहुंच गई है। कांग्रेस 18500 मिडिल स्कूल छोड़कर गई थी, जो अब 30000 हो गए हैं। श्री शाह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को ललकारते हुए कहा कि अगर प्रदेश में हुए विकास को लेकर बहस करनी है, तो युवा मोर्चा का एक बच्चा भी आपको जवाब दे सकता है। हमारे पास प्रदेश सरकार की 178 उपलब्धियां गिनाने के लिए है जिनके कारण बीमारू मध्यप्रदेश विकसित मध्यप्रदेश बन सका है।
साढ़े चार साल का हिसाब मांगने वाले राहुल अपनी चार पीढ़ियों का हिसाब दें
     राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की चर्चा करते हुए कहा कि इन दिनों राहुल बाबा जगह-जगह घूम रहे हैं और ये पूछते हैं कि मोदी जी की सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में क्या किया। श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इसका जवाब राहुल बाबा को नहीं, बल्कि जनता को देगी। मगर वही जनता अब राहुल बाबा से सवाल कर रही है और उनसे उनकी चार पीढ़ियों का हिसाब मांग रही है। अब राहुल बाबा जनता को बताएं कि उनकी चार पीढ़ियों की सरकारों ने क्या किया है ? श्री शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता को बताएं कि मोदी सरकार ने देश 2 करोड़ लोगों को घर दिए हैं, 2.5 करोड़ लोगों को बिजली दी है। 13 करोड़ माताओं को टीके लगवाए हैं।
       देश पर जान लुटाने वाले सैनिकों को वन रैंक-वन पेंशन दी है। मोदी सरकार ने खरीफ के बाद अब रबी की फसलों के लिए लागत के डेढ़ गुना समर्थन मूल्य की घोषणा की है। पहले सिर्फ अमेरिका और इजराइल ही सर्जिकल स्ट्राइक किया करते थे, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में भारत सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए अपने जवानों की हत्या का बदला लेने वाला देश बन गया है। लेकिन राहुल बाबा तुमने तो सर्जिकल स्ट्राइक पर भी उंगली उठायी। इटालियन चश्मा पहनने वाले राहुल शहादत का मूल्य नहीं समझ सकते। खून की दलाली जैसे जुमलों का इस्तेमाल करने वालों को शर्म आना चाहिए।
पूरे देश में एनआरसी लागू करेंगे, सारे घुसपैठिए खदेड़े जायेंगे
      श्री शाह ने कहा कि हम वोट बैंक की राजनीति नहीं करते, हमारे लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने सीमाएं खुली छोड़ दी थीं, जिसके चलते लाखो घुसपैठिए देश में आ गए। मोदी जी की सरकार ने एनआरसी लागू किया और सिर्फ असम में ही 40 लाख घुसपैठियों की पहचान की। इस पर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल हाय तौबा मचाने लगे। वोट बैंक की राजनीति करने वाली ममता बनर्जी कहती हैं घुसपैठियों को रहने दो। श्री शाह ने कहा कि 2019 का चुनाव जीतकर जब दोबारा मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार बनेगी, तो हम पूरे देश में एनआरसी लागू करेंगे और घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता से पूछें कि आप घुसपैठियों को देश से बाहर निकालना चाहते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि मोदी जी जैसा लोकप्रिय और देश का गौरव बढ़ाने वाला नेतृत्व बार-बार नहीं मिलता।
कार्यकर्ताओं के बल पर मिलेगी 2013 से बड़ी जीत
       सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चैहान ने कहा कि चुनाव के लिए हमारी तैयारी पूरी है। हमारा सेनापति तय है, लेकिन कांग्रेस में अभी पता नहीं। हम कार्यकर्ताओं के बल पर विधानसभा चुनाव में 2013 से भी बड़ी जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि महाजनसंपर्क अभियान में घर-घर जाएं। हमारे पास एक तरफ केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां हैं, दूसरी तरफ मध्यप्रदेश में पिछले 15 सालों में प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदल गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में 40-45 दिनों का समय बाकी है और ये 40-45 दिन पार्टी को समर्पित कर दें। आपका समय और श्रम पार्टी को चाहिए, इसलिए बचे हुए दिनों में अपना पूरा समय पार्टी को दें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगे बढ़िये और चुनाव में विजय प्राप्त की कीजिए। श्री चैहान ने कहा कि कार्यकर्ता एक बार फिर सभी सीटें जीतने का संकल्प लें।
जनता समर्थन को तैयार, कार्यकर्ताओं का निकलना बाकी है
       प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि सौभाग्य से भारतीय जनता पार्टी के अपराजेय योद्धा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी हमारे बीच है। उनके नेतृत्व में आज देश के 19 राज्यों में हमारी सरकारें है। उनकी उपस्थिति में आज हजारों कार्यकर्ता इस बात की शपथ लें कि अपनी सरकारों की उपलब्धियों का पिटारा लेकर हम सूर्य की किरणों की तरह समाज में फैलेंगे। उन्होंने कहा कि जनता पुनः भाजपा की सरकार बनाने तैयार बैठी है, बस कार्यकर्ताओं को महाविजय के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने निकलना शेष है। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि इस चुनाव में वे इंदौर संभाग की सभी 37 सीटें जीतकर पार्टी की झोली में डालेंगे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा कार्यकर्ताओं को अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कमर कसनी है।
         सम्मेलन में प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, राष्ट्रीय महासचिव  कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय महामंत्री  अनिल जैन, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, वरिष्ठ नेता  विक्रम वर्मा, उत्तरप्रदेश के सह प्रभारी  सुनील ओझा, प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत, सुश्री उषा ठाकुर,  जीतू जिराती, संभागीय संगठन मंत्री जयपाल सिंह चावडा, प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस,  बालकृष्ण पाटीदार, महापौर व विधायक श्रीमती मालिनी गौड, प्रदेश मंत्री श्रीमती कविता पाटीदार, अजा मोर्चा अध्यक्ष  सूरज केरो, विधायक  विजेन्द्र गुप्ता उपस्थित थे। मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष  सुदर्शन गुप्ता ने किया तथा आभार प्रदर्शन गोपीकृष्ण नेमा ने किया।

No comments:

Post a Comment