HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Sunday 31 January 2021

इंदौर में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का शुभारंभ

 भारत को दिशा देने का काम भाजपा का, पूरी क्षमता से जुटें

इंदौर में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का शुभारंभ

संजय शर्मा  संपादक 

हैलो धार पत्रिका 

               इंदौर-  भारतीय जनता पार्टी पूरे भारत को एक सकारात्मक, स्वावलंबी और स्वाभिमानी राष्ट्र बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को इस उद्देश्य की पूर्ति के लिये अपनी निर्धारित पद्धति के साथ टीम भावना के साथ काम करने की आवश्यकता है। सबकी भाजपा और सबके लिये भाजपा के मार्ग पर चलते हुये हमें सर्वस्पर्शी और सर्व व्यापी संगठन के निर्माण के लिये दिन रात मेहनत करनी है। यह बात यहां आयोजित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का उदघाटन करते हुये प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा   ने कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारीमुरलीधर राव, सह प्रभारी पंकजा गोपीनाथ मुंडे , विश्वेसर टुडू, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत  एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी सुधीर गुप्ता , लाल सिंह आर्य और ओमप्रकाश धुर्वे मंच पर उपस्थित थे।


           श्री शर्मा ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता को वर्तमान राजनैतिक-सामाजिक परिदृश्य पर अपनी भूमिका तय करनी होगी। उन क्षेत्रों पर अधिक ध्यान देना पड़ेगा, जहां अधिक काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमारे पदाधिकारी पार्टी का चेहरा हैं। और इन सभी चेहरों को एकजुट होकर समाज और देश विरोधी ताकतों के प्रयासों का करारा जवाब देना है।


               इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी पदाधिकारी के नाते हम महत्वपूर्ण हैं, लेकिन यह महत्व काम के लिये है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अहंकार से परे, आत्मविश्वास से भरकर काम करता है और यही कारण है कि साधारण सा दिखने वाला हमारा कार्यकर्ता असाधारण परिणाम लेकर उपस्थित होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का जीवन इस बात का ठोस प्रमाण है। 


            मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवा मोर्चा के समय की अपनी टीम का स्मरण करते हुये कहा कि उस समय के जुझारू नेता आज देशभर में विचार का परचम फरहा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम भारत के गौरव के निर्माण का काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दिल्ली में किसान आंदोलन की आड़ में हुई असामाजिक और देशविरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले तत्वों से सावधान रहने और उनकी पहचान करने की क्षमता विकसित करने का आहृवान भी किया। 


           उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल के कारण ही मध्यप्रदेश में हम लगातार अच्छे परिणाम ला रहे हैं और आने वाले दिनों में नगर निकाय के चुनाव में भी हम और बेहतर परिणाम लाएंगे।


               प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने अपने उदबोधन में प्रवास पर जोर देते हुये कहा कि प्रवास से पूर्व पूर्ण योजना बनाना आवश्यक है। कम समय में ज्यादा परिणाम आ सकें, इसके लिये कार्य बिंदु स्पष्ट होने चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता से अपेक्षा की कि वे अपना बहुआयामी व्यक्तित्व विकसित करें। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि जब हमारी केन्द्र और राज्य सरकारें जनता के हित में रिकॉर्ड तोड़ काम कर रही हैं तो उन कामों को जनता के बीच ले जाने के दायित्व निभाने से पीछे नहीं हटना चाहिए। श्री मुरलीधर राव ने एक कार्यकर्ता के आचार-व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारी को विस्तार से रेखांकित किया


               उदघाटन सत्र में सह संगठन महामंत्री हितानन्द शर्मा , प्रदेश मीडिया प्रभारी  लोकेन्द्र पाराशर सहित पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेशाध्यक्ष और संभागीय संगठन मंत्रीगण उपस्थित रहे। प्रारंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर पदाधिकारी बैठक का शुभारंभ किया।


No comments:

Post a Comment