प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद विष्णुदत्त शर्मा बोले- प्रदेश में दिग्विजय सिंह के शासनकाल जैसे हालात
शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल आए शर्मा का हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया
वीडी शर्मा ने राकेश सिंह की जगह ली, 2019 में खजुराहो सीट से लोकसभा सदस्य चुने गए थे
संजय शर्मा संपादक
हैलो धार समाचार पत्र
भोपाल - भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के शासनकाल जैसे हालात हो गए हैं। भाजपा के सामने कोई चुनौती नहीं है। हम टीम स्प्रिट के साथ काम करते हैं। भाजपा संगठन को प्रदेश में कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजियाराजे सिंधिया, अटल बिहारी वाजपेयी और कैलाश जोशी जैसे नेताओं ने खड़ा किया है।
सोमवार दोपहर शताब्दी एक्सप्रेस से ग्वालियर से भोपाल आए शर्मा का हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। स्वागत के लिए स्टेशन पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। स्टेशन से भाजपा कार्यालय दीनदयाल परिसर का सफर शर्मा के स्वागत जुलूस ने करीब एक घंटे में पूरा किया। भाजपा कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नए भाजपा अध्यक्ष का स्वागत किया। यहां शर्मा ने सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर भी साथ रहीं
शर्मा जिस खुली जीप में सवार होकर स्टेशन से रवाना हुए थे, उसमें पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की पुत्रवधू और विधायक कृष्णा गौर भी थीं। शर्मा को मई 2019 में भोपाल सीट से लोकसभा चुनाव लड़ाने की चर्चा चली थी, तब बाबूलाल गौर ने कहा था कि ये विष्णुदत्त शर्मा कौन है, मैं इसे नहीं जानता। उस समय शर्मा का विरोध करने वाले नेता उनके अध्यक्ष बनते ही साये की तरह साथ नजर आए।
संभाला पदभार
विष्णुदत्त शर्मा को निवृत्तमान प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कार्यभार सौंपा। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद प्रभात झा, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी,संगठन मंत्री सुहास भगत ,प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित अन्य नेता मौजूद थे। इस मौके पर निवृत्तमान प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि यह भाजपा में ही संभब है कि ऐसे मौके भी उत्सव के रूप में मनाए जाते हैं। उन्होंने विधानसभा में कम सीटें मिलने पर निराशा भी व्यक्त की।
शर्मा ने विद्यार्थी परिषद से शुरू किया राजनीतिक सफर
वर्ष 1986-78 में विद्यार्थी परिषद में सक्रिय हुए।
1993 से 1994 तक मप्र राज्य सचिव रहे।
वर्ष 1995 से 2013 तक संगठन के प्रचारक रहे।
2001 से 2007 तक एबीवीपी राज्य संगठन सचिव और क्षेत्रीय संगठन सचिव रहे।
2007 से 2009 तक एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव रहे।
वर्ष 2013 में भाजपा में पूर्ण रूप से शामिल हुए।
वर्ष 2013 से 2018 तक भाजपा में प्रचारक रहे।
अगस्त 2016 से प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
2015 में नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपाध्यक्ष (केंद्र सरकार से राज्यमंत्री दर्जा) रहे।
2019 में खजुराहो से लोकसभा सदस्य चुने गए।
No comments:
Post a Comment