HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Tuesday 26 June 2018

इमर्जेंसी लगाकर काँग्रेस ने लोकतन्त्र को कलंकित किया -शिवराजसिंह चौहान। आज एक तरफ लोकतंत्र है, तो दूसरी तरफ वंशवाद है – अनन्त कुमार

इमर्जेंसी लगाकर काँग्रेस ने लोकतन्त्र को कलंकित किया -शिवराजसिंह चौहान। आज एक तरफ लोकतंत्र है, तो दूसरी तरफ वंशवाद है – अनन्त कुमार

लोकतंत्र सेनानियों से आने वाली पीढ़ी प्रेरणा लेगी- राकेश सिंह
हैलो धार 
       भोपाल 26 जून- मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आजादी के दौर में किसी ने यह कल्पना नहीं की थी कि आजादी मिलने के बाद जनता के साथ देश की सरकार ऐसा घृणित सलूक करेगी, जैसा कांग्रेस ने किया। आपातकाल लगाकर श्रीमती इंदिरा गांधी ने जुल्म की पराकाष्ठा की। लोकतंत्र का गला घोंटा गया। आपातकाल का दाग कांग्रेस के सीने से कभी मिट नहीं सकता। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आपातकाल की वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। सम्मान समारोह में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सांसद श्री कैलाश सोनी, वरिष्ठ सेनानी मेघराज जैन, माखन सिंह चौहान, भरत चतुर्वेदी, प्रभाकर केलकर, शंकरलाल तिवारी, रामकृष्ण कुसमरिया सहित बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने उच्च न्यायालय द्वारा अयोग्य घोषित कर दिए जाने के बाद सिर्फ कुर्सी बचाने के लिए आपातकाल थोपकर समुचे देश को एक कारागार में बदल दिया। लाखों परिवार इस त्रासदी में दंडित हुए। परिवार उजड़ गए लेकिन उनकी स्वतंत्रता की अदम्य भावना को कांग्रेस कुचल नहीं सकी और 1977 में कांग्रेस को देश की जनता ने दंडित कर सत्ता से बेदखल कर दिया।
        मुख्यमंत्री ने आप बीती सुनाते हुए पूरी घटना बतायी कि किस तरह उन्हें आपातकाल में गिरफ्तार कर यातनाएं दी गयी। उन यातनाओं को याद करके आज शरीर में सिहरन पैदा हो जाती है और बदली होते ही घुटने और शरीर के हर जोड़ में चीख पैदा होती है, लेकिन यह स्वतंत्रता के लिए कत्र्तव्य के रूप में किया जाना लाजमी था और स्वतंत्रता इस तरह के त्याग और तपस्या की अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने देश में लोकतंत्र बहाल करके हमें लोकतंत्र की अनुभूति दी है। साथ ही सबक दिया है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सतत जागरूकता और संघर्ष की आवश्यकता है। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के परिवारों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा की और कहा कि जिले में कलेक्टर को 50 हजार रूपए तक के इलाज की अनुमति देने के लिए अधिकृत कर दिया गया है।
         कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार ने लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करते हुए कहा कि मीसाबंदियों ने आपातकाल में जिस तरह अपना सर्वस्व दाव पर लगाकर दूसरी आजादी के लिए संघर्ष किया है यह विश्व के लिए एक संदेश है। कांग्रेस ने लोकतंत्र को संवैधानिक तानाशाही में बदलकर देश को बंदी खाने में बदल दिया था। जिसके विरोध में लोकतंत्र सेनानियों ने संघर्ष किया। जनता ने उस संघर्ष पर अपनी मोहर लगायी और कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया गया। आज देश में लोकतंत्र एक तरफ है तो दूसरी तरफ वंशवाद है। जनता को निर्णय करना है।  उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र के सशक्तिकरण के लिए सबका साथ सबका विकास अभियान चलाया जा रहा है, इससे लोकतंत्र की जड़ें मजबूत होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आम आदमी को सुकून की जिन्दगी की अनुभूति हो रही है। यही लोकतंत्र की सच्ची भावना है। आने वाले दिनों में जनता को फैसला करना है कि वह तानाशाही की भावना दिखाने वाली कांग्रेस को किस तरह दंडित करती है। लोकतंत्र विरोधी ताकतों को पराजित करने के लिए जनता को आगे आना होगा। लोकतंत्र सेनानी हमारे और देश की जनता के लिए दीप स्तंभ है। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों को देश में प्रथम राज्य के रूप में सम्मान देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने मध्यप्रदेश में शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में आरंभ की गयी संबल योजना की मुक्तकंठ से सराहना की और कहा कि इससे आम आदमी की जिन्दगी में खुशहाली आयेगी और गरीबी का हमेशा के लिए उन्मूलन होगा। कांग्रेस ने कभी ठोस नीति और सतत प्रयास नहीं किया। नारों और घोषणाओं से जनता का भावनात्मक दोहन किया। देश की जनता ने कांग्रेस को इसके लिए दंडित किया है। आने वाले विधानसभा चुनाव और मिशन 2019 में कांगे्रस को इसका दुष्परिणाम भुगतना होगा।
        भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व स सांसद राकेश सिंह ने कहा कि देश के इतिहास में आपातकाल में तानाशाही के रूप में संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को स्वर्णाक्षरों में लिखा जायेगा। तथापि हमें समाज में जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता है, जिससे लोग आपातकाल को थोपने वालों की मंशा के प्रति सावधान रहें और उनके लोकतंत्र बचाने के षडयंत्र को जनता बेनकाब करे। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के मंत्री परिषद के फैसलों की खिल्ली उड़ाने वालों के करतूतों को उजागर करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा लोकतंत्र को शर्मसार किया है। जनता उनके प्रति सतत जागरूक रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने यातना सहकर जो दूसरी स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया, उससे आने वाली पीढ़ी प्रेरणा लेगी।
         राकेश सिंह ने लोकतंत्र सेनानियों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि मीसाबंदियों का त्याग और तपस्या हमारे लिए एक सबक है कि हम सतत जागरूक रहें और भविष्य में कांग्रेस को ऐसा दुष्साहस करने का अवसर न आने दें। उन्होंने कहा कि संघर्ष से हमेशा लोकतंत्र का सशक्तिकरण होता है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में कमी नहीं आने दी और सम्मान की ऐसी परंपरा आरंभ की है जिसका देश के सभी प्रदेश अनुसरण कर रहें है। उन्होंने युवा पीढ़ी का आव्हान किया कि वे काले दिवस को हमेशा याद रखें और उससे सबक लें कि लोकतंत्र की ध्वजा को कभी झुकने नहीं दिया जायेगा। हर हाल में लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोकतंत्र सेनानियों की तरह सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए तत्पर रहेंगे।
       कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक एवं आभार सामान्य प्रशासन मंत्री लालसिंह आर्य ने माना।

No comments:

Post a Comment