HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Monday 12 March 2018

कैंसर मरीजों का एम.वाय. अस्पताल इंदौर में नि:शुल्क बोनमैरो ट्रांसप्लांट शुरू

कैंसर मरीजों का एम.वाय. अस्पताल में नि:शुल्क बोनमैरो ट्रांसप्लांट शुरू
एपीएल मरीजों को भी सस्ती दर पर मिलेगा इलाज

     इंदौर- इंदौर के शासकीय महात्मा गाँधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध महाराज यशवंत राव चिकित्सालय में स्थित बोनमैरो ट्रांसप्लांट सेन्टर में उपचार आरंभ हो गया है। पहली बार 3 मार्च 2018 को जूनी इंदौर के श्री उपेन्द्र और नीमच की श्रीमती कुसुम का बोनमैरो ट्रांसप्लांट नि:शुल्क किया गया है। देश की निजी संस्थाओं में बोनमैरो ट्रांसप्लांट की लागत 15 से 25 लाख रुपये है जबकि प्रदेश के एम.वाय. हॉस्पिटल में यह नि:शुल्क किया जा रहा है। इस शासकीय संस्थान में गरीब मरीजों का नि:शुल्क बोनमैरो ट्रांसप्लांट प्रदेश ही नहीं, देश में भी एक अनूठी पहल है। यहां एपीएल मरीजों को भी सस्ती दर पर इलाज मिलेगा।
       पहली बार 3 मार्च को श्री उपेन्द्र की बोनमैरो ट्रांसप्लांट की प्रकिया शुरू हुई है। इसमें ब्लड से करीब 400 मि. मी. स्टेम सेल निकाले गये। इस प्रक्रिया में 7 घंटे लगे। इन्हें फ्रीज करके रखा गया। अगले दिन शरीर में ट्रांसप्लांट किये गये। श्री उपेन्द्र (33) को दो हफ्तों से कीमोथेरेपी दी जा रही थी। नीमच की श्रीमती कुसुम (45) को 5 माह पहले ही कैंसर होने का पता चला। नीमच और उदयपुर में इलाज कराने के बाद इंदौर आई हैं। हिमोग्लोबिन मात्र 3 ग्राम बचा था। बाल भी झड़ने लगे थे। डॉक्टरों ने बताया कि बोनमैरो ट्रांसप्लांट के बाद उन्हें अब कीमोथेरेपी और अन्य जाँचें नहीं करवानी पड़ेगी।
     महाराज यशवंतराव चिकित्सालाय में 5 करोड़ की लागत से स्थापित बोनमैरो ट्रांसप्लांट सेन्टर में बच्चों को होने वाली बीमारियाँ थैलीसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, एप्लास्टिक एनीमिया का बोनमैरो ट्रांसप्लांट द्वारा उपचार किया जाएगा। सेन्टर विश्वस्तरीय गुणवत्ता मापदंडों के अनुसार स्थापित किया गया है। सेन्टर में विश्व ख्याति प्राप्त बोनमैरो ट्रांसप्लांट विशेषज्ञों की मानद सेवाएं ली जा रही हैं। इंदौर के चिकित्सकीय, नर्सिंग और पैरामेडीकल स्टाफ को राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया गया है। राज्य शासन ने डॉ. प्रीति मालपानी और डॉ. पी. चौधरी को अमेरिका के कोलम्बिया विश्वविद्यालय में 6 माह का बोनमैरो ट्रांसप्लांट का प्रशिक्षण दिलाया है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 20 जनवरी 2018 को इस सेन्टर का लोकार्पण किया था।

No comments:

Post a Comment