HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Friday 31 December 2021

वादियों में घुला संगीत, नवराज के नगमों पर झूमा मांडू

 वादियों में घुला संगीत, नवराज के नगमों पर झूमा मांडू

शुभारंभ समारोह में  मंत्री उषा ठाकुर, उद्योग मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, सांसद छतरसिंह दरबार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव मौजूद 

संजय शर्मा संपादक 

हैलो धार पत्रिका/ हैलो धार न्यूज़ पोर्टल

        धार / मांडू। मांडू उत्सव का आगाज करने पहुंचे मशहूर गायक नवराज हंस के नगमों की बारिश से मांडू झूम उठा। पब्लिक डिमांड पर दूसरी बार यहां पहुंचे नवराज की प्रस्तुति शुरू होते ही श्रोताओं ने कुर्सी छोड़ी और कला प्रेमी चारों तरफ झूमते-नाचते दिखे। सर्द मौसम और सरसरी हवाओं के बीच प्रस्तुति ने माहौल में संगीत का रस घोल दिया। रेवा कुंड पर मां नर्मदा की आरती के साथ गणेश वंदना और नर्मदा अष्टक पर बेहद भावपूर्ण प्रस्तुति के सात पांच दिवसीय मांडू उत्सव की रंगारंग शुरुआत हुई। इधर, सैलानियों ने यहां हॉट एयर बैलून से उड़ान भरी और विश्वस्तरीय एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद लिया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर मांडू उत्सव को हरी झंडी दी और मांडू को विश्व धरोहर की सूची में जल्द शुमार करवाने के प्रयासों की बात कही।


नवराज ने लूटा मंच, मस्ती में डूबा हर कोई

     बालीवुड गायक नवराज हंस अपने अलग ही अंदाज में नजर आए। एक से बढ़कर एक फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी। नवराज ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत गीत से की। युवा वर्ग में विशेष जोश देखने को मिला। हर कोई मस्ती में डूबा नजर आया। नवराज ने कहा कि मांडू अद्भुत है। रानी रूपमती की इस कला नगरी में प्रस्तुति देना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।


मिले सुर मेरा तुम्हारा को सभी ने सराहा

       नूपुर कला केंद्र की बालिकाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोहा। गणेश वंदना गजानना श्री गणराया पर सुंदर प्रस्तुति दी। इसके बाद आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश की कई भाषाओं से सजे मिले सुर मेरा तुम्हारा पर बालिकाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य की प्रस्तुति दी। नर्मदा अष्टक पर भी भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। भावना सिद्धि, जागृति डोड व अनन्या पचौरी ने शानदार प्रस्तुतियां दी।


शो केसिंग में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक

   इसके बाद यहां शो केसिंग का आयोजन हुआ। इसमें धार जिले की आदिवासी परंपरा के तहत आदिवासियों के अद्भुत पहनावे को आधुनिक परिवेश में तैयार कर क्षेत्र एवं जिले के आसपास के कलाकारों ने कैटवाक के माध्यम से प्रदर्शन किया। उनकी इस प्रस्तुति को सभी ने सराहा। इंदौर की डिजाइनर नीता एंड माया द्वारा कैटवाक किया गया। धरा प्रोड्यूसर ग्रुप के साथ जिले के स्व सहायता समूह द्वारा इन परिधानों को तैयार किया गया है।


मांडू को मिलेगा सम्मान, सशक्त दावेदारी करेंगे

  शुभारंभ समारोह में दीप प्रज्ज्वलन कर अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत की। स्वागत भाषण प्रमुख सचिव पर्यटन शिव शंकर शुक्ला ने दिया। मंच पर पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, उद्योग मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, सांसद छतरसिंह दरबार, जिला पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष कुसुमसिंह दत्तीगांव, धरमपुरी विधायक प्रतिनिधि के तौर पर भीमसिंह ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष मालती जयराम गावर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव, पूर्व विधायक कालूसिंह, कलेक्टर डा. पंकज जैन, एसपी आदित्य प्रतापसिंह व इवेंट कंपनी के जय ठाकुर मंचासीन थे। अतिथियों ने कहा कि मांडू ऐतिहासिक स्थल है। अगर मांडू वर्ल्ड हेरिटेज सिटी बनता है तो दुनियाभर के सैलानी यहां के इतिहास से रूबरू हो सकेंगे। मांडू वर्ल्ड हेरिटेज सिटी की संभावित सूची में है। यूनेस्को में अपनी सशक्त दावेदारी पेश करेंगे, ताकि मांडू को उसका सम्मान मिल सके। संचालन प्रवीण शर्मा ने किया।


No comments:

Post a Comment