HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Friday 27 March 2020

इंदौर में 3 दिन में 15 काेरोना पाॅजिटिव, 9 इलाके कैंटोनमेंट एरिया घोषित, 8 हजार से ज्यादा होम क्वारेंटाइन किए गए

इंदौर में 3 दिन में 15 काेरोना पाॅजिटिव, 9 इलाके कैंटोनमेंट एरिया घोषित, 8 हजार से ज्यादा होम क्वारेंटाइन किए गए

मध्य प्रदेश में 26 पॉजिटिव, इंदौर में 14 और 18 साल की लड़की भी कोरोना संक्रमित
उज्जैन निवासी 65 वर्षीय महिला और इंदौर के रहने वाले 65 साल के बुजुर्ग की मौत
संजय शर्मा संपादक 
हैलो धार पत्रिका 
         इंदाैर- इंदौर में काेराेना संक्रमण के गुरुवार रात 5 नए मामले आने के बाद पाॅजिटिव की संख्या अब 3 दिन में 15 हो चुकी है। रात में आई रिपोर्ट में 14 और 18 साल की लड़की भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। इसमें से उज्जैन निवासी 65 वर्षीय महिला और इंदौर के रहने वाले 65 साल के बुजुर्ग की मौत हो चुकी। इंदौर में 300% की रफ्तार से कोरोना का दायरा बढ़ने से हड़कंप मचा है। पहले 54 दिनों में यहां कोई केस सामने नहीं आया था, लेकिन 3 दिन से लगातार 5-5 केस सामने आ रहे हैं। इसी बीच, प्रशासन ने शहर के उन इलाकों को कैंटोनमेंट (निषेध) एरिया घोषित कर दिया, जहां पॉजिटिव मरीज मिले हैं। 
             अफसरों के मुताबिक, गुरुवार रात जो नए 5 मरीज मिले हैं, इनकी हालत स्थिर है। मगलवार और बुधवार रात को जो 10 कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे, उनके नजदीकी और करीबी लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इनके संपर्क में 29 लोगों के आने की बात सामने आई, जबकि देर रात मिले मरीजों से 40 लोग मिले या उनके साथ रहे। इस तरह से 69 की स्क्रीनिंग की जा रही है। कैंटोनमेंट (निषेध) एरिया मरीजों के घर से तीन किमी तक का होगा और इसमें किसी भी व्यक्ति को बाहर आने-जाने नहीं दिया जाएगा। इन इलाकों के आठ हजार से ज्यादा लोग होम क्वारेंटाइन हो गए हैं।
स्नेह नगर, खातीवाला टैंक समेत 9 कैंटोनमेंट एरिया
            चंदननगर, 12/1 रानीपुरा, 566 स्नेह नगर, 6 मनीष बाग, मैपल वुड बिल्डिंग ए वन ब्लॉक, निपानिया, 128 सिलावटपुरा, 56/3 दौलतगंज, 22 दाउदी नगर खजराना रोड, 813 खातीवाला टैंक। इन घरों को एपी सेंटर घोषित करते हुए इसके 3 किमी की परिधि में कैंटोनमेंट एरिया रहेगा और 5 किमी की परिधि में बफर जोन रहेगा। एग्जिट पॉइंट पर कर्मचारी स्क्रीनिंग करेंगे। हर दिन 50 घरों में टीम जाएगी और रिपोर्ट लेगी। पॉजिटिव केस वालों के परिजन, निकट, संपर्क वालों पर 14 दिन तक नजर रखी जाएगी। इन एरिया के लोगों के संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर- 7489244895 और 104 व लैंडलाइन नंबर 0731-2567333 रहेगा।
प्रदेश में 26 पॉजिटिव, एरिया के लोगों से मांगेंगे 28 दिन का हिसाब
           टीम यहां के लोगों से सर्वे फार्म भरवाएगी। इसमें पूरे 28 दिनों की जानकारी मांगी जाएगी। इसमें पूछा जाएगा कि वह इंदौर में किस रेस्त्रां, होटल, मॉल, बार, अन्य घरों, किराना-सब्जी दुकान, मंदिर या अन्य धार्मिक स्थल या कहां-कहां गए थे। उनके स्वास्थ्य की लगातार मॉनिटरिंग भी होगी। कैंटोनमेंट एरिया में हर दिन सर्वे होगा और सभी लोगों से एक फार्म में जानकारी ली जाएगी कि वह कहां-कहां गए और किस-किस से मिले। यहां प्रशासन और नगर निगम जरूरी सामग्री की आपूर्ति करेगा। छोटे वाहनों से सब्जी, फल आदि लोगों के घर पहुंचाएंगे। एक मेडिकल टीम हर एरिया में तैनात रहेगी। इन इलाकों के एंट्री व एक्जिट पॉइंट पर पुलिस तैनात कर दी है, ताकि बाहर से भी कोई न आ सके। किसी ने आवाजाही की तो उस पर कानूनी कार्रवाई होगी।
52 नए सैंपल मिले, इसमें 18 देवास, धार, उज्जैन के
            गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने एमआर टीबी अस्पताल से 15, सीएचएल से 2, एमवायएच से 3, अरिहंत अस्पताल से 1, गोकुलदास अस्पताल से 2, बॉम्बे हॉस्पिटल से 1, अरबिंदो मेडिकल कॉलेज से 8, देवास से 5, धार से एक और उज्जैन से आए 12 सैंपल जांच के लिए भेजे। एमजीएम मेडिकल कॉलेज की लैब में हर दिन 21 सैंपल जांचने की क्षमता है, जबकि गुरुवार को ही यहां 52 सैंपल आ गए।
सर्दी-खांसी वाले 270 मरीजों की जांच, 22 में संक्रमण की आशंका
            स्वास्थ्य विभाग अफसरों के मुताबिक, गुरुवार को एमआर टीबी अस्पताल में 270 सर्दी-जुकाम पीड़ित मरीजों की जांच की गई। इनमें से 22 मरीजों में कोरोना के संक्रमण की आंशका है। 11 मरीजों को होम आइसोलेशन में भेजा गया।
29 मरीजों के सैंपल की जांच की गई, इसमें से 23 निगेटिव निकले
           गुरुवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज की लैब में 29 मरीजों के सैंपल की जांच की गई, इसमें से 23 निगेटिव निकले। छह में से एक मरीज का सैंपल फिर से जांच के लिए भेजा जा रहा है, जबकि पांच पॉजिटिव निकले।
          उज्जैन निवासी 42 वर्षीय पुरुष मरीज, इनका इलाज एमआरटीबी अस्पताल में चल रहा है। ये दो दिन पहले उज्जैन की जिस बुजुर्ग महिला की मौत हुई, उनके करीबी रिश्तेदार हैं।
   सीएचएल में भर्ती रानीपुरा निवासी 41 वर्षीय पुरुष मरीज, इनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली।
             बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती लिम्बोदी निवासी 53 वर्षीय पुरुष मरीज की भी किसी प्रकार की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। इनकी किसी संक्रमित से संपर्क में होने की भी जानकारी नहीं है।
            एमवायएच में भर्ती 14 वर्षीय व 18 वर्षीय महिला मरीज की किसी प्रकार की विदेश जाने या ऐसे किसी व्यक्ति के संपर्क में आने की हिस्ट्री नहीं है।
इंदौर और उज्जैन के रहने वाले दो लोगों की मौत
              बुधवार रात को रानीपुरा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा। इन्हें मंगलवार को ही एमवायएच में भर्ती कराया था। इसकी पुष्टि करते हुए सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि मरीज को कोरोना संक्रमण के साथ कुछ और बीमारियां भी थीं, इसलिए हालत बिगड़ गई। एक दिन पहले ही उज्जैन निवासी 65 वर्षीय महिला की मौत हुई थी।

No comments:

Post a Comment