HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Sunday 17 January 2021

पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस पर निशाना:मुख्यमंत्री शिवराज बोले - वीडी शर्मा की टीम में नई पीढ़ी की एंट्री, दूसरी तरफ कमलनाथ के घिसे-पिटे लोग

 पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस पर निशाना:मुख्यमंत्री शिवराज बोले - वीडी शर्मा की टीम में नई पीढ़ी की एंट्री, दूसरी तरफ कमलनाथ के घिसे-पिटे लोग

भाजपा  प्रदेश अध्यक्ष ने कहा - देश विरोधी ताकतों को प्रदेश से उखाड़ फेंकेंगे

सात मोर्चे के अध्यक्ष सहित भाजपा नए प्रदेश पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण किया 


संजय शर्मा संपादक 

हैलो धार पत्रिका 

         भोपाल - बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की टीम ने रविवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। इसके लिए बीजेपी कार्यालय में स्वागत समारोह हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व मोर्चों के अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, राजनीतिक दलों में पीढ़ी परिवर्तन होता है।


         वीडी शर्मा की टीम इसका उदाहरण है। इसे लेकर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ बीजेपी की जोश और उमंग से भरी टीम है। दूसरी तरफ कमलनाथ-दिग्गी की घिसी-पिटी टीम है।

         समारोह में अनुसूचित जनजति मोर्चा के अध्यक्ष कल सिंह भाबर ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को आदिवासियों की परंपरागत वेशभूषा पहनाकर तीर-कमान सौंपा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तीर से प्रदेश की जनता की रक्षा करेंगे और माफिया को जमीन में गाड़ देंगे। हम सवा साल के वनवास के बाद सरकार में आए हैं। यह सरकार जनता की है। खास है, कार्यक्रम में सांसद सिंधिया समर्थक नजर नहीं आए, लेकिन मुख्यमंत्री ने कहा -सिंधिया जी को हम धन्यवाद देते हैं कि मप्र के पुर्ननिर्माण के लिए यह सरकार बनाई है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मैं पूरे मंत्री नहीं बना पाया, लेकिन वीडी शर्मा को बधाई देता हूं कि उन्होंने अपनी टीम का गठन कर लिया।


          इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता पद से नहीं, अपने काम ओर मेहनत से बनता है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से कहा कि आपके आचार विचार कार्यकर्ताओं के लिए आदर्श होंगे। सुशासन हमारे लिए नारा नहीं, बल्कि चरित्र और संदेश है। उन्होंने कहा, देश विरोधी ताकतों को प्रदेश की धरती से उखाड़ फेंकेंगे।

मुख्यमंत्री का ऐलान - जल्दी अंत्योदय समितियां बनाएंगे

           मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में ऐलान किया, सरकार जल्द ही अंत्योदय समितियों की घोषणा करेगी। यह समितियां केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और गरीबों के लिए है।


शिवराज - वीडी की बंद कमरे में चर्चा

          पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण करने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की बंद कमरे में चर्चा हुई। यह बातचीत करीब आधे घंटे चली। माना जा रहा है, श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए जा रहे चंदे के संबंध में दोनों नेताओं में चर्चा हुई।

नए पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे प्रदेश अध्यक्ष

          प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा नए पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। चूंकि यह पहली बैठक है, इसमें सभी पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी बताए जाने की संभावना है। बता दें कि प्रदेश कार्यकारिणी में 12 उपाध्यक्ष, 12 प्रदेश मंत्री, 1-1 प्रदेश कोषाध्यक्ष व सह कोषाध्यक्ष, 1 कार्यालय मंत्री व 1 मीडिया प्रभारी के अलावा 7 मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। 5 महा मंत्रियों की नियुक्ति पहले हो चुकी है।


No comments:

Post a Comment