HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Saturday 15 February 2020

भाजपा ने खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया, राकेश सिंह की जगह लेंगे

भाजपा ने खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया, राकेश सिंह की जगह लेंगे

शर्मा एबीवीपी से लंबे समय तक जुड़े रहे हैं, वह प्रदेश में भाजपा के संगठन मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं

जानिए नए प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का राजनीतिक सफर 
संजय शर्मा संपादक 
हैलो धार समाचार पत्र 
           भोपाल -  भाजपा ने खजुराहो से सांसद विष्णु दत्त शर्मा ( वीडी शर्मा ) को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वे राकेश सिंह की जगह लेंगे। शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने पत्र जारी कर शर्मा के नाम की घोषणा की। बताया जा रहा है कि शर्मा संघ की पहली पसंद थे। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से लंबे समय तक जुड़े रहे। वे भाजपा संगठन में प्रदेश महामंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।

32 साल से राजनीति में सक्रिय हैं शर्मा
           विष्णु दत्त शर्मा का जन्म 1 अक्टूबर 1970 को मुरैना जिले के सुरजनपुर गांव में हुआ। करीब 32 साल से राजनीति में सक्रिय हैं। शुरुआत एबीवीपी से की। चंबल क्षेत्र में भाजपा का बड़ा ब्राह्मण चेहरा माने जाते हैं। संघ के भी चहेते हैं। शर्मा ने अपने राजनीतिक करियर के दौरान कई आंदोलन किए। भ्रष्टाचार के खिलाफ पदयात्रा भी निकाली, जो बालाघाट से शुरू हुई थी। उन्होंने नर्मदा में प्रदूषण को लेकर भी काफी अध्ययन किया और एनजीटी में मामला भी दायर किया था। शर्मा की पहचान जमीनी नेता के रूप में होती है।
शर्मा का राजनीतिक करियर
वर्ष 1986 में विद्यार्थी परिषद में सक्रिय हुए।
1993 से 1994 तक मप्र राज्य सचिव रहे।
वर्ष 1995 से 2013 तक संगठन के प्रचारक रहे।
2001 से 2007 तक एबीवीपी राज्य संगठन सचिव रहे।
इसके बाद एबीवीपी के राष्ट्रीय सचिव का पद संभाला।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन सचिव बने।
2007 से 2009 तक एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव रहे।
वर्ष 2013 में विधिवत रूप से भाजपा में आए।
वर्ष 2013 से 2018 तक भाजपा में प्रचारक रहे।
अगस्त 2016 से प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
2015 में नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपाध्यक्ष भी रहे।
केंद्र की मोदी सरकार ने दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री के तौर पर यह दायित्व सौंपा था।
2019 में खजुराहो से लोकसभा सदस्य चुने गए।
ग्वालियर में एग्रीकल्चर और एग्रोनामी से एमएससी की
           शर्मा ने 1985-86 में एमपी बाेर्ड से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई की। इसके बाद ग्वालियर के कृषि महाविद्यालय से 1989-91 में एग्रीकल्चर में बीएससी करने के बाद ग्वालियर के ही कृषि महाविद्यालय से एग्रीकल्चर और एग्रोनामी में एमएससी की डिग्री प्राप्त की।
वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय बैठाना चुनौती
              शर्मा को लेकर मई 2019 के लोकसभा चुनाव में चर्चा थी कि उन्हें भोपाल या विदिशा से टिकट दिया जाएगा, लेकिन पार्टी के अंदर कथित विरोध के चलते ऐसा नहीं हो पाया और पार्टी ने उन्हें खजुराहो से टिकट दिया और वे सांसद भी चुने गए। शर्मा के समक्ष राज्य में 15 वर्षों तक सत्ता में रही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय बैठाना बड़ी चुनौती रहेगी।
शिवराज ने कहा- कार्यकर्ता नए जोश और नई उमंग के साथ काम करेंगे
               शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर वीडी शर्मा को बधाई दी। कहा- मुझे पूर्ण विश्वास है कि शर्मा के नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाई प्राप्त करेगी। कार्यकर्ता नए जोश और नई उमंग के साथ पार्टी और प्रदेश को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। कहा- शर्मा को जब भी कोई काम दिया गया, उसे हर बार नई ऊंचाइयां प्रदान की, नए मानक तय किए। कलाम इनोवेशन एंड गवर्नेंस अवॉर्ड, यूथ लीडर अवॉर्ड जैसे पुरस्कारों ने आपके प्रयासों को सम्मान देने का काम किया। पूर्व सीएम ने राकेश सिंह के कार्यकाल की भी सराहना की।

No comments:

Post a Comment