किसानों को दगा देने के साथ हुई कांग्रेस सरकार की शुरुआत -नंदकुमार सिंह चौहान
कांग्रेस ने किया प्रदेश के अन्नदाता के साथ विश्वासघात
संजय शर्मा संपादक
हैलो -धार पत्रिका
भोपाल - - प्रदेश में कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री ने आज ही शपथ ली है और सरकार के कामकाज की शुरुआत प्रदेश के किसानों से दगा करने के साथ हुई है। सरकार की कर्जमाफी योजना प्रदेश के किसानों के साथ विश्वासघात साबित हुई है। यह बात सोमवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ के कर्जमाफी संबंधी आदेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कही।
चौहान ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने डिफाल्टर और रेगुलर सभी किसानों के कर्ज माफ किए जाने की बात कही थी। इसके लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर फार्म भरवाए थे। लेकिन कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री ने पदभार ग्रहण करते ही प्रदेश के किसानों के साथ विश्वासघात किया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जो आदेश दिया है, उसके दायरे में सिर्फ 31 मार्च, 2018 तक के कर्जदार किसान आते हैं, जो कि डिफाल्टर किसान हैं। रेगुलर किसानों को कर्जमाफी के दायरे बाहर रखा गया है। श्री चौहान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने जो शून्य प्रतिशत ब्याज की नीति शुरू की थी, उसके कारण प्रदेश के किसानों में बड़ी संख्या रेगुलर किसानों की है, डिफाल्टर किसान कम ही हैं। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के पहले जहां किसानों को कर्जमाफी के नाम पर बरगलाया है, वहीं उनकी सरकार ने प्रदेश के अन्नदाता को धोखा दिया है।
No comments:
Post a Comment