HelloDharNews

HelloDharNews Hindi news Website, Daily Public News, political, crime,filmy, Media News,Helth News

Breaking

Friday 16 November 2018

राजा-महाराजाओं को नहीं, दिलों पर राज करने वाले को है शासन का अधिकार - अमित शाह

राजा-महाराजाओं को नहीं, दिलों पर राज करने वाले को है शासन का अधिकार  - अमित शाह

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा-मोदी-शिवराज की जोड़ी विकास का मणिकांचन योग
संजय शर्मा 
संपादक हैलो -धार 
                टीकमगढ़/सागर-  ये लोकतंत्र है और इसमें शासन करने का अधिकार किसी राजा-महाराजा को नहीं, बल्कि जनता के दिलों पर राज करने वाले को होता है। लोगों के लिए काम करने वाले को होता है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुंदेलखंड के टीकमगढ़ और सागर जिलों में सभाओं को संबोधित करते हुए कही।  शाह ने कहा कि बुन्देलखण्ड वो धरती है, जिसने विदेशी अक्रान्ताओं को भगाया था।  शाह ने वीर बुंदेला चम्पतराय और डॉ. हरिसिंह गौर जैसी विभूतियों का स्मरण करते हुए कहा कि आज इस धरती से मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के 200 पार के संकल्प को दोहराने आया हूं।
                राष्ट्रीय अध्यक्ष  अमित शाह ने शुक्रवार को बुंदेलखंड के टीकमगढ़ और सागर में सभाओं को संबोधित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की शुरुआत टीकमगढ़ से हुई। जिले के पांच प्रत्याशियों के समर्थन में सभा को संबोधित करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सागर पहुंचे। यहां उन्होंने जिले के 8 भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए उन्हें प्रचंड जीत दिलाने की अपील की।
कांग्रेस में नेहरू-गांधी परिवार के लोग ही आगे बढ़ते हैं
                राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस में अगर किसी को अध्यक्ष या प्रधानमंत्री बनना है, तो इसके लिए नेहरू-गांधी परिवार में जन्म लेना जरूरी है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी में कोई भी गरीब व्यक्ति यहां तक पहुंच सकता है। भाजपा और कांग्रेस में यही अंतर है। गरीब चाय बेचने वाले के घर जन्म लेने वाले मोदी जी प्रधानमंत्री हैं। गरीब किसान के घर जन्मे शिवराजसिंह चौहान पिछले 15 वर्षों से प्रदेश को विकसित बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में आगे बढ़ने के लिए सहारे की नहीं, योग्यता की जरूरत होती है, लोगों की सेवा के लिए दिल में तड़प होना चाहिए।
कांग्रेस में कुछ भी तय नहीं

                 शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस एक राजा, एक महाराजा और एक उद्योगपति को लेकर चुनाव लड़ने चली है, लेकिन कांग्रेस में अभी कुछ भी तय नहीं है। श्री शाह ने कहा कि हमारे सेनापति शिवराजसिंह चौहान हैं, जिन्होंने 15 सालों में प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और मि. बंटाढार के शासनकाल में बुंदेलखंड और पूरे प्रदेश में कुछ घंटों के लिए ही बिजली मिलती थी, प्रदेश अंधेरे में डूबा रहता था। माताएं-बहनें अंधेरे में काम करती थीं, बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते थे। शिवराजसिंह की सरकार ने प्रदेश में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई। श्री शाह ने कहा कि बंटाढार के शासन में प्रदेश का कुल बजट 21647 करोड़ रुपए हुआ करता था, जिसे शिवराज सरकार ने 1,85,900 करोड़ तक पहुंचाया। कांग्रेस ने प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। प्रदेश की विकास दर माइनस 4 प्रतिशत रह गई थी, जिसे शिवराजसिंह की सरकार ने 10.8 प्रतिशत तक पहुंचाया। कांग्रेस सरकार किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दिया करती थी, जिसे शिवराजसिंह की सरकार ने देश में पहली बार 0 प्रतिशत कर दिया। कांग्रेस किसानों को सिर्फ 1300 करोड़ का कर्ज देती थी, जिसे शिवराजसिंह की सरकार ने बढ़ाकर 13800 करोड़ रुपए कर दिया।
समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने के लिए एक मौका और दें

                सभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपने 15 वर्षों के शासन में एक बीमारू राज्य को विकसित प्रदेश बनाया है। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से कहा कि एक मौका और दें, हम अगले पांच सालों में प्रदेश को समृद्ध प्रदेश बना देंगे। उन्होंने कहा कि हमने इसका रोड मैप भी तैयार कर लिया है। किसानों की आय को दोगुना करने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने जैसे कामों के लिए योजना तैयार है। श्री शाह ने कहा कि पहले मध्यप्रदेश में शिवराजसिंह चौहान की सरकार ही प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने का काम कर रही थी। विकास की गाड़ी में एक ही एंजिन था। लेकिन 2014 में आप ने केंद्र में मोदी जी की सरकार बनाई। अब विकास की गाड़ी में दो एंजिन हो गए हैं। मोदी जी और शिवराज जी मिलकर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने का काम कर रहे हैं।
राजा-महाराजा पूछते हैं, मोदी जी ने क्या किया
                श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के राजा-महाराजा हमसे सवाल करते हैं कि मोदी जी ने 4 सालों में क्या किया। उन्होंने कहा कि मैं पूछता हूं, कांग्रेस के राजा-महाराजाओं ने देश और प्रदेश के लिए क्या किया ? उन्होंने कहा कि मोदी जी से पहले 10 सालों तक कांग्रेस का शासन था। कांग्रेस ने प्रदेश को 1,34,190 करोड़ रुपए दिए थे। अब मोदी सरकार ने मध्यप्रदेश को 3,44,126 करोड़ दिए। श्री शाह ने कहा कि मैं दिग्विजयसिंह, कमलनाथ और सिंधिया से पूछना चाहता हूं कि आप भी केंद्र सरकार शामिल थे, आपने प्रदेश की जनता को उसका हक क्यों नहीं दिलाया। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी की सरकार ने 4 लाख करोड़ रुपए की लागत से हजारों गरीबों को मकान देने का काम किया है। मोदी जी समाज के विभिन्न वर्गों के लिए 129 योजनाएं लेकर आए। 5 करोड़ महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत गैस दी। करोड़ों घरों में शौचालय बनवाए। देश की 13 करोड़ माताओं को टीके लगवाए।
मोदी सरकार ने बढ़ाया देश का सम्मान
                श्री शाह ने कहा कि मोदी जी की सरकार ने देश की सुरक्षा सुदृढ़ की और दुनिया में देश का सम्मान बढ़ाने का काम किया है। कांग्रेस सरकार के समय पाकिस्तान से घुसे आतंकी जवानों पर हमला करके लौट जाते थे। उड़ी में हमला हुआ, लेकिन उस समय हमारी सरकार थी। प्रधानमंत्री मोदी जी ने आदेश दिया और हमारी सेना पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मारकर आ गई। श्री शाह ने कहा कि पहले दुनिया में अमेरिका और इजराइल ही ऐसे दो देश थे, जो सर्जिकल स्ट्राइक से जवानों की शहादत का बदला लेते थे, अब प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार ने उसमें तीसरा नाम जोड़ दिया है, और वह है भारत का। कांग्रेस को वोटबैंक, हमें देश की सुरक्षा की चिंता श्री शाह ने कहा की कांग्रेस की सरकार 70 सालों तक अपने वोट बैंक की चिंता करती रही, लेकिन हमें देश की सुरक्षा की चिंता है। हम भाजपा के कार्यकर्ताओं को देश की सुरक्षा जान से भी प्यारी है। असम में घुसपैठिए आते थे और आतंक फैलाते थे। भाजपा की सरकार ने असम में एनआरसी बनाया। 40 लाख घुसपैठियों की पहचान हुई। जैसे ही इन्हें बाहर निकालने की बात हुई, कांग्रेस और उसके साथी राज्यसभा में कांव-कांव करने लगे। श्री शाह ने कहा कि राहुल बाबा को को घुसपैठियों के ह्यूमन राइटस की तो चिंता है, लेकिन इन घुसपैठियों द्वारा किए जा रहे धमाकों में मरने वालों के अधिकारों की चिंता नहीं है। श्री शाह ने कहा कि मैं आप लोगों से यह कहने आया हूं कि आप 2018 में मध्यप्रदेश में और 2019 में केंद्र में मोदी जी की सरकार बना दो, हम एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर देश से बाहर करेंगे। श्री शाह ने कहा कि ये घुसपैठिये दीमक की तरह देश को चाट रहे हैं।
गरीबों की बात करने वालो, कभी गरीबी देखी है क्या

                श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस गरीबों की बात करती है। मैं महलों में रहने वाले कांग्रेस के राजा-महाराजा, उद्योगपतियों से पूछना चाहता हूं, आपने कभी गरीबी देखी है क्या? उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना शुरू की, जिसके अंतर्गत देश के 10 करोड़ परिवारों के 50 करोड़ गरीब लोगों को 5 लाख तक इलाज मुफ्त मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार ने बुंदेलखंड के विकास के लिए बहुत काम किया है। अगले पांच सालों में हमने सागर में आईटी पार्क बनाने की योजना तैयार की है। केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी और शिवराज जी की जोड़ी प्रदेश को समृद्ध प्रदेश बनाने के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। आप जिले की सभी सीटों पर भाजपा को जिताकर उन्हें समर्थन दें। इस दौरान मंच पर जिला अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल पटेल, केंद्रीय मंत्री श्री वीरेंद्र खटीक, सांसद श्री लक्ष्मीनारायण यादव, सभा विधानसभा प्रत्याशी एवं अन्य नेता उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार अंगद का पांव
                श्री शाह ने टीकमगढ़ में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में सरकार बनाने का सपना न देखे। 2014 के बाद जितने भी राज्यों में चुनाव हुए हैं,  सभी जगह कांग्रेस हारी है। इतनी हार देखने के बाद भी कांग्रेस किसके दम पर मध्यप्रदेश में सरकार बनाने का सपना देख रही है? उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार अंगद का पांव है, जिसे हटाना नामुमकिन है। श्री शाह ने जनता से आह्वान किया कि आपके एक वोट से दो सरकारें बनेंगी। मध्यप्रदेश में 2018 में  भाजपा की सरकार बनते ही केन्द्र में 2019 में मोदी सरकार आपको उपहार के रूप में मिल जायेगी।
शिवराज जनता के नायकः डॉ. वीरेंद्र खटीक
                टीकमगढ़ में सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री और टीकमगढ़ के सासंद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा शिवराज जी ने जनता की समस्याओं को समझा है और उनका समाधान किया है। शिवराज सिंह जनता के नायक हैं। उन्होंने हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर योजनायें बनायी हैं, जिससे गॉंव, गरीब किसान, नौजवान शहर कस्बा सब लाभ पा रहे हैं। डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने बुन्देलखण्ड की धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी का अभिनंदन करते हुए कहा कि श्री अमित शाह आधुनिक राजनीति के चाणक्य है। इससे पहले टीकमगढ़ विधानसभा प्रत्याशी राकेश गिरि, पृथ्वीपुर प्रत्याशी अभय अखंड प्रताप सिंह यादव, निवाड़ी प्रत्याशी अनिल जैन, खरगापुर प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी, जतारा प्रत्याशी हरिशंकर खटीक ने भी सभा को संबोधित किया।
                कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय जिला प्रवासी प्रभारी उत्तरप्रदेश के विधायक श्री मूलचंद निरंजन, भाजपा उत्तरप्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष अखिलेश अयाची, विवेक चतुर्वेदी, आदित्य झा उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment