भाजपा और कांग्रेस ने अब तक 376 प्रत्याशी घोषित किए, इनमें 115 करोड़पति नेता है !
भाजपा ने 192 प्रत्याशी घोषित किए, इनमें 103 मौजूदा विधायक, इनमें 77 करोड़पतिकांग्रेस के 184 प्रत्याशी घोषित, इनमें से 53 मौजूदा विधायक हैं, पूर्व विधायकों में 38 करोड़पति
संजय शर्मा
हैलो -धार
भोपाल- जिसकी जेब में माल है, वो हर जगह मालामाल है, बाकी सब ठनठन गोपाल है। ये कहावत तो आपने सुनी होगी, पर हर बार चुनावों में ये चरितार्थ में भी होती है। इस बार भी भाजपा और कांग्रेस ने अब तक 376 प्रत्याशी (भाजपा 192 और कांग्रेस 184) घोषित किए हैं। इनमें से 115 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनके पास करोड़ों की संपत्ति है। यानी दोनों ही पार्टियों का सबसे ज्यादा फोकस करोड़पति नेताओं पर रहा। यानी जिताऊ के नाम पर मालदार प्रत्याशी को तवज्जो मिली। हालांकि ये आंकड़ा सिर्फ दो दलों के प्रत्याशियों का है, जबकि सभी दलों के प्रत्याशियों की धन-दौलत का विश्लेषण होगा तो ये आंकड़ा दोगुने से ज्यादा मिल सकता है। पिछले चुनाव में सभी दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों में 350 करोड़पति थे।
भाजपा : टॉप-5 अमीर प्रत्याशी
भाजपा ने अब तक अपने 192 प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इनमें 103 मौजूदा विधायक हैं। इन मौजूदा विधायकों में 77 करोड़पति हैं, जबकि 27 ऐसे हैं जो वर्ष 2013 में करोड़पति होने से महज कुछ हजार या कुछ लाख रुपए ही पीछे थे।
1. संजय पाठक - विजय राघौगढ़ - 121 करोड़
2. चेतन कश्यप : रतलाम सिटी से प्रत्याशी, संपत्ति - 120 करोड़
3. सुरेंद्र पटवा : मंत्री और भोजपुर से प्रत्याशी, संपत्ति - 38 करोड़
4. गायत्री राजे पवार : देवास सीट से मैदान में, संपत्ति- 27 करोड़
5. मोहन यादव : उज्जैन दक्षिण से प्रत्याशी, संपत्ति- 16 करोड़
कांग्रेस: टॉप- 5 सबसे अमीर
अब तक 184 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। इनमें से 53 मौजूदा विधायक हैं। पूर्व विधायकों में 38 करोड़पति हैं, जबकि 13 करोड़पति होने की दहलीज पर थे, जो पिछले पांच साल में करोड़पति हो गए होंगे।
1. संजय शर्मा - तेंदूखेड़ा - 65 करोड़ 2. केपी सिंह : पिछोर सीट से प्रत्याशी, संपत्ति - 60 करोड़
3. आलोक चतुर्वेदी : छतरपुर से प्रत्याशी, संपत्ति- 26 करोड़
4. अजय सिंह राहुल : चुरहट 25 करोड़ की संपत्ति
5. सचिन यादव : कसरावद से प्रत्याशी, संपत्ति- 23 करोड़
156 मौजूदा विधायकों में 115 : अब तक दोनों ही पार्टियां 376 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी हैं, इनमें 70 फीसदी से अधिक उम्मीदवार या तो करोड़पति हैं, या करोड़पति होने से महज चंद कदम पीछे हैं। घोषित उम्मीदवारों में 156 मौजूदा विधायक हैं, इनमें से 115 करोड़पति हैं।
5 साल में 242 फीसदी की ग्रोथ रेट : 2013 में 350 करोड़पति प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से 86 बीजेपी, 49 कांग्रेस और 6 बीएसपी के ऐसे प्रत्याशी थे, जिनकी औसत संपत्ति 5 करोड़ रुपए थी और 2008 में औसत संपत्ति का आंकड़ा 1 करोड़ था। यानी पांच साल में इन 141 की औसत संपत्ति की ग्रोथ रेट 242 फीसद रही।
No comments:
Post a Comment