देवी विसर्जन जुलूस धार में फिल्म अभिनेता तुषार कपूर होंगे शामिल
शोभायात्रा में देश-विदेश के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, मायापुरी नवदुर्गा उत्सव समिति का आयोजन
संजय शर्मा
हैलो धार
धार- सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति मायापुरी के तत्वावधान में 19 अक्टूबर को धार शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम के संरक्षक अनिल जैन बाबा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि 19 अक्टूबर को प्रात: 11.30 बजे मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा मायापुरी गरबा चौक से प्रारंभ होगी। इस शोभायात्रा में मुख्य रूप से फिल्म अभिनेता तुषार कपूर सहित अन्य कलाकार भी भाग लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
धार नगर में निकलने वाली इस शोभायात्रा में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। श्री जैन ने बताया कि शोभायात्रा में अफ्रीका के कलाकरों द्वारा सिद्धि धुमाल की प्रस्तुती दी जाएगी। साथ ही चायना के कलाकारों द्वारा डेÑगन ड्रांस और मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया जाएगा। राजस्थान के कलाकारों द्वारा चकरी नृत्य की प्रस्तुति एवं पाटन टेटु की कलाकृति का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें गुजरात के कलाकारों द्वारा हुड़को गरबा की प्रस्तुति होगी। वहीं महाराष्ट्र के कलाकार आदिवासी लोकनृत्य की प्रस्तुति देंगे। मां दुर्गा की शोभायात्रा में घोड़े, बग्घी, ताशे, ढोल भी सम्मिलित होंगे। शहर के युवाओं की टीम भी इस शोभायात्रा में विशेष रुप से सम्मिलित होगी। माता विसर्जन जुलूस में मातृसंगम का आयोजन रखा गया है। इसमें महिलाओं से उपस्थिति होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। वहीं धार नगर की अनेक गरबा मंडलियां गरबा खेलते हुए निकलेगी। इस वर्ष नवदुर्गा समिति के अध्यक्ष सोनिया राठौर को बनाया गया है। संयोजक चयन राठौर एवं उपाध्यक्ष बादल मालवीय को बनाया गया है। समिति के संरक्षक अनिल जैन बाबा ने इस गौरवमय शोभायात्रा में नगरवासियों की उपस्थिति का आग्रह भी किया है। संचालन आशीष बौरासी ने किया तथा आभार सोनिया राठौर ने माना।
No comments:
Post a Comment